मेलबर्न। भारत के अनिल कुमार के साथ मंगलवार को हुए 96 किलोग्राम भार वर्ग के कुश्ती के फाइनल मुकाबले के दौरान मैच अधिकारियों के साथ खराब बर्ताव करने वाला आस्ट्रेलियाई पहलवान अपनी गलतियों की माफी मांगेगा। आस्टे्रलिया की समाचार एजेंसी एएपी के मुताबिक आस्टे्रलियाई राष्ट्रमंडल खेल संघ ने इस संबंध में एक आपात बैठक की, जिसमें हसैनी फकीरी को मैच अधिकारियों से माफी मांगने को कहा गया है। ग्रीको-रोमन वर्ग के 96 किलोग्राम मुकाबले में फकीरी अनिल के हाथों हार गए थे। मैच के बाद फकीरी ने अनिल से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया था। साथ ही उन्होंने मैच अधिकारियों की ओर अभद्र इशारा भी किया था। खराब बर्ताव के कारण फकीरी का पदक वापस ले लिया गया था।
मुकाबले के दौरान भी फकीरी को दो बार चेतावनी दी गई थी। एक मौके पर फकीरी ने अनिल पर सिर से वार किया था जबकि दूसरी बार उसने अनिल को थप्प़ड भी मारा था। इसे लेकर दर्शकों ने फकीरी की खिंचाई की थी। बाद में मैच रेफरी ने अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें मुकाबले के लिए अयोग्य करार दिया।
भारत समाचार
राष्ट्रमंडल खेल : मैच अधिकारियों से माफी मांगेंगे आस्ट्रेलियाई पहलवान





















