नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और नवंबर में चीन में होने वाले एशियाई खेलों के लिए बुधवार को भारत की 28 सदस्यीय निशानेबाजी टीम घोषित कर दी।
भारतीय निशानेबाजी टीम को राष्ट्रमंडल खेलों में पदक का सबसे ब़डा दावेदार माना जा रहा है। इस टीम ने मेलबर्न राष्ट्रमंडल खेल-2006 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए थे। इस टीम में एथेंस में वर्ष 2004 में आयोजित ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने वाले राज्यवर्द्धन सिंह राठौ़ड को शामिल नहीं किया गया है। डबल-ट्रैप निशानेबाज राठौ़ड पुणे में आयोजित दिन दिवसीय ट्रायल में शामिल नहीं हुए थे। भारतीय राइफल महासंघ ने दो दिन पहले ही साफ कर दिया था कि जो खिल़ाडी तीन दिवसीय ट्रायल के लिए पुणे नहीं पहुंचेंगे, उन्हें चयन के लिए अयोग्य ठहरा दिया जाएगा। राठौ़ड हाल के दिनौं में अच्छे फार्म में नहीं हैं। मार्च, 2010 में आयोजित ट्रायल में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। वह बीजिंग ओलंपिक में भी कोई पदक नहीं जीत सके थे।





















