नई दिल्ली। ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा का मानना है कि साथी खिल़ाडी गगन नारंग ओलम्पिक और विश्वकप का स्वर्ण पदक जीतने का माद्दा रखते हैं।
बिंद्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ""वे शानदार खेल रहे हैं और विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिल़ाडी हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारत के लिए कई खिताब जीतेंगे।"" गगन नारंग ने राष्ट्रमंडल खेलों में बुधवार को 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि इसी स्पर्धा में बिंद्रा को रजत पदक मिला। नारंग ने कुल 600 अंक का स्कोर बनाया जबकि बिंद्रा ने 595 अंक हासिल किए। बहरहाल, बिंद्रा अपने प्रदर्शन से निराश नहीं हैं। वह कहते हैं, ""मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। गगन पिछले तीन सालों से स्थायी प्रदर्शन कर रहे हैं।"" उधर, नारंग ने कहा कि उनके मन में बिंद्रा के लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने कहा, ""जब मैं शूटिंग में आया था तब मैंने बिंद्रा के बारे में बहुत कुछ सुना था। हम एक दूसरे से सीखते हैं। उनके साथ मुकाबला करना अच्छा रहा।""





















