काकद्वीप। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी 24 परगना जिले में मुरीगंगा नदी में तलपट्टी के पास हुई नाव दुर्घटना में सोमवार को नदी से 16 और शव निकाले गए, जबकि रविवार को पांच शव निकाले गए थे। इसी के साथ हादसे में मरनेवालों की तादाद बढ़कर 41 पहुंच गई है। हालांकि नौसेना के गोताखोर, तटरक्षक, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के बचावकर्मी लापता लोगों की तलाशी में अभियान जारी रखे हुए हैं। दक्षिणी 24 परगना के जिला मजिस्ट्रेट एनएस निगम ने कहा, 16 शव निकाले गए हैं, लेकिन अभी शव मिलने की आशंका है जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
दक्षिणी 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नीलांजन सांडिल्य ने बताया कि घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर पूर्वी मिदनापुर के नयचार में पहुंचे दो शव वहां के स्थानीय निवासियों ने बरामद किए हैं। इसके अलावा दो दो शव तटरक्षकों ने घोरमारा से बरामद किए गए हैं। इस बीच गोताखोरों की छह सदस्यीय एक टीम आंध्र प्रदेश से काकद्वीप पहुंच गई है, तलाशी अभियान में मदद करेगी।
उन्होंने बताया कि तटरक्षक, कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट और राज्य आपदा प्रबंधन बल की 40 सदस्यीय टीम ने आज सुबह स्पीडबोट और हॉवरक्रफ्ट की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त नाव में सवार सभी यात्री पूर्वी मिदनापुर जिले के हिजली शरीफ से दक्षिणी 24 परगना जिले में स्थित मुस्लिम धार्मिक स्थल के लिए जा रहे थे। धोरामोरा के नजदीक नाव शनिवार सुबह मुरीगंगा और बंगाल की ख़ाडी के संगम स्थल पर पलट गई थी। हादसे के बाद 51 लोगों को बचा लिया गया था, जिनमें से 32 को काकद्वीप उपखंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में बचे लोगों के मुताबिक नाव में करीब 150 से 250 लोग सवार थे। राज्य के नागरिक सुरक्षा मंत्री श्रीकुमार मुखर्जी ने कहा, आधिकारिक तौर पर नदी में से 51 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, लेकिन कुछ और लोगों को मछुआरों ने भी बचाया है।
दक्षिणी 24 परगना जिलाधिकारी नारायण स्वरूप निगम ने रविवार को अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान बंद होने से पहले बताया कि उस इलाके में पानी ब़डी तेजी से हिलोरें ले रहा है, इससे गोताखोरों को काम करने में दिक्कतें आ रही हैं।
भारत समाचार
नाव दुर्घटना में मरने वालों की तादाद 41 पहुंची





















