नई दिल्ली। अगस्त में देश के निर्यात में लगातार 10वें महीने वृद्धि हुई है। इस महीने देश का निर्यात 22.5 प्रतिशत बढ़कर 16.64 अरब डॉलर हो गया। पिछले साल के अगस्त महीने में देश का निर्यात 13.58 अरब डॉलर रहा था।
इस महीने देश आयात 32.2 प्रतिशत बढ़कर 29.67 अरब डॉलर हो गया जो कि पिछले साल के इसी महीने में 22.45 अरब डॉलर था। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंक़डों के मुताबिक अगस्त महीने में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 13.04 अरब डॉलर हो गया। वित्त वर्ष 2010-11 के पहले पांच महीनों में कुल निर्यात पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 28.6 प्रतिशत बढ़कर 85.27 अरब डॉलर हो गया जो कि पिछले साल की इसी अवधि में 66 अरब डॉलर था। मौजूदा वित्त वर्ष में सरकार ने निर्यात में 15 प्रतिशत की वृद्धि का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2009-10 में आर्थिक मंदी के चलते निर्यात में 4.7 प्रतिशत की गिरावट आई थी। अप्रैल से अगस्त के दौरान आयात 33.1 प्रतिशत बढ़कर 141.89 अरब डॉलर हो गया जो कि पिछले साल की इसी अवधि में 106.6 अरब डॉलर था।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ""अप्रैल से अगस्त महीनों के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 56.62 अरब डॉलर हो गया जो कि पिछले साल की इसी अवधि में 40.27 अरब डॉलर रहा था।"" वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने हाल ही में देश के बढ़ते व्यापार घाटे पर चिंता जताई थी। खुल्लर ने कहा, ""क्या हम 135 अरब डॉलर के व्यापार घाटे को जारी रखने में वित्तीय रूप से सक्षम हैंक् हमें अपने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए और प्रयासों की जरूरत है। हमारे लिए अगला लक्ष्य अपने निर्यात को 200 अरब डॉलर से बढ़ाकर 400 अरब डॉलर करना होगा।""
अगस्त महीने में देश में तेल उत्पादों का आयात 12.4 प्रतिशत बढ़कर 7.79 अरब डॉलर हो गया। वहीं गैर तेल उत्पादों का आयात 41.1 प्रतिशत बढ़कर 21.88 अरब डॉलर हो गया।
भारत समाचार
अगस्त में निर्यात 22.5 प्रतिशत बढ़ा





















