अहमदाबाद। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को कीवी तेज गेंदबाज क्रिस मार्टिन ने भारत के शीर्षक्रम को तहस नहस करके रविवार को मैच को जीवंत बनाने के साथ ही न्यूजीलैंड का पलडा भारी कर दिया। भारतीय टीम चौथे दिन छह विकेट पर 82 रन बनाकर संघर्ष कर रही है और उसका दारोमदार संकटमोचक वीवीएस लक्ष्मण और पुछल्ले बल्लेबाजों पर टिका हुआ है। मैच का शुरूआती दो दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा जबकि उसके बाद जो हुआ वह जगजाहिर है। टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी 459 रनों पर सिमटी। इसके बाद भारतीय टीम को मामूली 28 रनों की बढ़त मिली। मार्टिन की तूफानी गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजों की एक न चली। न्यूजीलैंड अगर इस मैच को अपने पक्ष में करने में कामयाब होता है तो उसके लिए यह ब़डी उपलब्धि होगी क्योंकि 22 वर्ष से उसने भारतीय जमीं पर कोई भी टेस्ट मैच नहीं जीता है। करीब 22 साल पहले न्यूजीलैंड के कप्तान जॉन राइट की अगुआई में कीवी टीम ने मुंबई में टीम इंडिया को 136 रनों से हराकर टेस्ट मैच जीता था। टीम इंडिया की उम्मीदें अब लक्ष्मण पर टिकी हुई है जो अभी भी (34) रन बनाकर हरभजन सिंह (12) के साथ क्रीज पर डटे हुए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 110 रनों की बढ़त बना ली है। चौथे दिन रविवार को दूसरी पारी के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मार्टिन ने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को बिना खाता खोले पेवेलियन भेजकर अपना इरादा जता दिया था कि वह आज कहर बरपाने वाले हैं। इसके बाद स्थापन्न खिल़ाडी मार्टिन गुप्टिल ने शानदार थ्रो फेंक पहली पारी के शतकवीर वीरेंद्र सहवाग को एक रन पर रनआउट कर दिया। टीम इंडिया की "दीवार" राहुल द्रवि़ड 16 गेंदों में एक रन बनाकर क्रिस मार्टिन की गेंद पर होपकिंस को कैच थमा ब्ौठे। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 12 रन बनाए जबकि सुरेश रैना बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने विकेट पर टिकने की कोशिश की। उन्होंने लक्ष्मण के साथ मिलकर 50 रनों की साझेदारी भी निभाई लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी और धौनी 22 रन बनाकर चलते बने। न्यूजीलैंड की ओर से सबसे सफल गेंदबाज क्रिस मार्टिन रहे जिन्होंने अब तक पांच विकेट झटके हैं। इससे पहले युवा बल्लेबाज केन विलियम्सन के टेस्ट करियर के पहले शतक (131) और कप्तान डेनियल विटोरी (41) की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 459 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से ग्रेथ होपकिंस और जीतन पटेल ने 14-14 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज प्रज्ञान ओझा रहे जिन्होंने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंथ को दो-दो वहीं हरभजन सिंह और सुरेश रैना को एक-एक विकेट मिले। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने पांच विकेट पर 331 रन बनाए थे। विलियम्सन तीसरे दिन 87 के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे। चौथे दिन विलियम्स ने जल्द ही अपना शतक पूरा कर लिया। विलियम्सन 106 और कप्तान डेनियल विटोरी छह रन बनाकर नाबाद थे। तीसरे दिन कीवी टीम को तीन झटके लगे थे। जेसी राइडर ने 103 रनों की शानदार पारी खेली थी। ब्रेंडन मैकलम 65 और रॉस टेलर ने 56 रन बनाए थे। भारत ने अपनी पहली पारी में 487 रन बनाए थे। मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (173) और राहुल द्रवि़ड (104) ने बेहतरीन पारी खेल टीम को मजबूती प्रदान की थी। इनके अलावा सचिन तेंदुलकर और वी.वी.एस. लक्ष्मण ने 40-40 रन बनाए थे। सचिन दोनों ही पारियों में अपने करियर का 50वां शतक ज़्ाडने से चूक गए।
भारत समाचार
मार्टिन के कहर से बैकफुट पर भारत





















