लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कांशीराम जिले में शुक्रवार को रूहेलखंड एक्सप्रेस का इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतरकर बाढ़ के पानी में चले गए। इसकी वजह से रेलग़ाडी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसा शुक्रवार सुबह जिले के सोरो कस्बे के नजदीक बरेली-एटा रेलमार्ग पर हुआ। कांशीराम नगर के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के चौकी प्रभारी दानवीर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कासगंज (कांशीरामनगर) से ऎशबाग (लखनऊ) जा रही रूहेलखंड एक्सप्रेस का इंजन और दो डिब्बे पटरी से उतरकर नीचे भरे बाढ़ के पानी में चले गए। रेलमार्ग के आसपास बारिश और बाढ़ का पानी भरा हुआ है। सिंह ने बताया कि हादसे में रेलग़ाडी का चालक बुरी तरह से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे में तीन-चार यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। सिंह ने कहा कि रेलग़ाडी के लापता सहचालक को लेकर उसे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेल अधिकारी मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया ऎसा लग रहा है कि आसपास पानी भरे होने के कारण रेलमार्ग धंस गया था। जिसके कारण हादसा हुआ। जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आ पाएंगे। घटना के बाद बरेली-एटा रेलमार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रेलमार्ग को सुचारू बनाने के प्रयास कर रहे हैं।
भारत समाचार
रूहेलखंड एक्सप्रेस का इंजन, डिब्बे पटरी से उतरे





















