मुंबई। खुफिया सूचनाओं के मुताबिक मुंबई में दो विदेशी आंतकी प्रवेश कर गए हैं।
इनका मकसद मुंबई में त्यौहारों के समय भी़ड-भ़ाड वाले इलाकों में धमाके करवाना है।
पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। इसी के साथ मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस ने दोनों आतंकवादियों का स्केच भी जारी किया है और लोगों से अपील की है कि इन्हें देखते ही हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत सूचना दें।
इन आतंकवादियों के नाम कलीमुद्दीन खान और हाफिज शरीफ बताए गए हैं। उन्होंने मुंबई में रामेश्वर पंडित और सुरेंद्र कुमार के नाम से प्रवेश किया है। पुलिस के मुताबिक इनके पास बाकायदा आईकार्ड है और टूरिस्ट या पेइंग गेस्ट के तौर पर शहर में मौजूद हैं। खुफिया विभाग की सूचना के मुताबिक पाकिस्तान या बांग्लादेश के आतंकी संगठन ने इन्हें विशेष मिशन देकर भेजा है और इसे अंजाम देने की अंतिम तारीख 22 सितंबर निर्धारित की है। उन्हें धमाके का साथ अहम ठिकानों में घुसकर लोगों को बंधक बनाने का भी काम दिया गया है। इनके पास पर्याप्त विस्फोटक भी बताया गया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इन्हें मुंबई के तर्ज पर ठिकाने की पहले ही रेकी करके पूरी रिपोर्ट सौंपी गई है। दस दिन पहले भी मुंबई पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट जारी कर कहा था कि शहर में हमला हो सकता है। पुणे धमाके के आरोप में गिरफ्तार हिमायत और बिलाल ने भी एटीएस को यह खुलासा किया था कि इंडियन मुजाहिदीन ने मुंबई के अहम ठिकानों की वीडियो फिल्में और फोटो लश्कर तक पहुंचा दी है। इससे साफ है कि मुंबई पर फिर खतरा मंडरा रहा है।
भारत समाचार
मुंबई में घुसे हूजी के दो आंतकी, अलर्ट जारी





















