अबू धाबी। ब्रिटिश निर्देशिका किम लांगिनोट्टो की भारतीय पृष्ठभूमि पर आधारित वृत्तचित्र फिल्म "पिंक साडिज" को अबू धाबी फिल्म महोत्सव में शुक्रवार को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फिल्म का पुरस्कार मिला। लांगिनोट्टो कहती हैं कि वह पुरस्कार राशि का इस्तेमाल फिल्म में दिखाई गई ल़डकियों की मदद के लिए करेंगी। लांगिनोट्टो को निर्देशक पैट्रिसियो गुजमैन के साथ संयुक्त रूप से 100,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली है।
पैट्रिसियो की फिल्म "नॉस्टेल्जिया फॉर द लाइट" को भी सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फिल्म चुना गया है। "पिंक साडिज" में बाल विवाह की बुराई को उजागर किया गया है और इसमें उत्तर भारत के अंदरूनी इलाकों में फैले जातिगत संघर्ष को भी दिखाया गया है। फिल्म बताती है कि एक महिला की बाल विवाह और जातिगत संघर्ष के खिलाफ जंग किस तरह से बदलाव ले आती है। फिल्म की कहानी बांदा जिले में एक महिला निगरानी समूह "गुलाबी गैंग" की नेतृत्वकर्ता 50 वर्षीय सम्पत पाल और चार प्रताडित महिलाओं रेखा, रेनू, निरंजन और रामप्यारी के इर्द-गिर्द घूमती है।





















