मुंबई। आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीमें अगले वर्ष खेले जाने वाले आईपीएल-4 के लिए चार खिलाडियों को अपने साथ रख सकती हैं।
शेष खिलाडियों के लिए इस वर्ष नवंबर में बोली लगाई जाएगी। मुंबई में रविवार को आयोजित आईपीएल की कार्यकारिणी की बैठक में इस बात का फैसला किया गया। आईपीएल-4 में कुल 10 टीमों को हिस्सा लेना है। आईपीएल-3 में आठ टीमों ने हिस्सा लिया था जबकि अगले वर्ष इस आयोजन में कोच्ची और पुणे फ्रेंचाइजी टीमें भी हिस्सा लेंगी। आईपीएल-4 का आयोजन फरवरी-मार्च में भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप (50 ओवर) के पांच दिन के बाद शुरू होगा। आईपीएल-4 का फाइनल दो अप्रैल को खेला जाएगा जबकि इसके अंतर्गत कुल 74 मैच खेले जाएंगे। आईपीएल-4 की नीलामी में शामिल होने के लिए टीमों को 90 लाख डॉलर की सुरक्षित राशि खर्च करने की इजाजत दी गई है जबकि आईपीएल-3 के लिए यह राशि 70 लाख डॉलर थी।





















