लंदन। अभिनेत्री एंजेलिना जोली के निर्देशन में बोस्निया युद्ध पर बनने वाली फिल्म का निर्माण खटाई में प़ड गया है। यह जोली के निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म है लेकिन बोस्नियाई अधिकारियों ने इसकी शूटिंग की इजाजत वापस ले ली है।
जोली ने इस अनाम फिल्म की शूटिंग हंगरी में पहले ही शुरू कर दी थी। उनकी बोस्निया के दो शहरों साराजीवो और जेनिका में भी इसे फिल्माने की योजना थी। फिल्म की कहानी पर भ्रम की स्थिति के बीच युद्धकालीन महिला पीडितों के समूहों द्वारा इसकी शूटिंग के विरोध के चलते अधिकारियों ने इसके निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया है। कुछ रिपोट्र्स में कहा गया है यह फिल्म सर्बिया के एक आदमी और बोस्निया की एक महिला की कहानी है, जिन्हें बोस्निया युद्ध के दौरान प्यार हो जाता है। दूसरी ओर बोस्नियाई प्रेस के मुताबिक यह फिल्म एक मुस्लिम महिला और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले सर्बिया के एक आदमी के बीच प्रेम की कहानी है।





















