नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि जम्मू एवं कश्मीर में हिंसा के दुष्चक्र और पी़डा को समाप्त करने के लिए कोई उचित निर्णय किया जाए।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में यहां आयोजित सर्वदलीय बैठक में सोनिया ने कहा, ""इस हिंसा के दुष्चक्र और पी़डा को समाप्त करने के लिए आइए हम सभी मिल कर एक ऎसा उचित निर्णय करें, जिस पर हम सभी सहमत हो सकें।"" सोनिया इस बैठक में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं। उन्होंने कहा, ""हम अपने वैचारिक और राजनीतिक मतभेदों को किनारे रख दें। दृढ़ संवेदनशील और उचित कार्रवाई के रास्ते में उन मतभेदों को अ़ाडे आने की अनुमति देकर हम एक अति गंभीर चुनौती का सामना कर रहे हैं।"" इस बैठक में सभी प्रमुख पार्टियों ने हिस्सा लिया। भाजपा, वामपंथी दलों के अलावा जम्मू एवं कश्मीर की दो मुख्य राजनीतिक पार्टियां, सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोके्रटिक पार्टी भी बैठक में उपस्थित थीं।





















