लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस उत्पी़डन से क्षुब्ध होकर बुधवार को विधानसभा के बाहर खुद को आग लगा ली।
पुलिस के अनुसार विधानसभा के मुख्यद्वार के पास खुद पर मिट्टी का तेल छि़डककर आग लगाने वाले राजेश गुप्ता (38) को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपनी लापता पत्नी को ढूढ़ने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे गाजियाबाद के लोनी निवासी राजेश ने काफी समय बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर यह कदम उठाया।
हजरतगंज थाना प्रभारी के.एन.मिश्रा ने संवादाताओं को बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी जब तक राजेश तक पहुंचते, वह बुरी तरह झुलस चुका था।
मिश्रा ने कहा कि फिलहाल अस्पताल में भर्ती राजेश की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों से के मुताबिक वह करीब 60 फीसदी जल चुका है।
राजेश ने जिस समय खुद को आग लगाई, वहां उसकी 10 और 12 साल की दो बेटियां भी मौजूद थीं।
राजेश की दोनों बेटियों ने संवाददाताओं को बताया, ""करीब छह महीने पहले हमारी मां अचानक लापता हो गई। उसकी खोजबीन के लिए पापा ने गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक के पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें हर जगह से दुत्कार कर भगा दिया गया। तंग आकर उन्होंने आत्मदाह करने का निर्णय लिया।""
भारत समाचार
उप्र विधानसभा के बाहर व्यक्ति ने खुद को आग लगाई





















