लंदन। पाकिस्तान के कई क्रिकेटरों के मैच फिक्सिंग के आरोपों से घिरने के बाद पाकिस्तान टीम पर एक बार फिर "स्पॉट फिक्सिंग" का आरोप लगा है।
यह नया खुलासा ब्रिटेन के अखबार "द सन" ने किया है। समाचार पत्र के अनुसार शुक्रवार को पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला गए तीसरे एकदिवसीय मैच पाकिस्तानी टीम का रन रेट फिक्स था और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) इस पर नजर रखे हुए थी।
इस मैच को पाकिस्तान ने 23 रनों से जीता। पांच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड ने 2-1 की बढ़त कायम कर ली। अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मैच में फिक्सिंग के तार दुबई और नई दिल्ली के सटोरिए से जु़डे हैं। "द सन" को इस फिक्सिंग की खबर पहले ही लग गई थी और उसने इसकी जानकारी आईसीसी को मैच की शुरूआत से पहले ही दे दी। इसके बाद इस मैच पर आईसीसी अधिकारियों ने नजर रखी।
इस अखबार का कहना है, ""सटोरिए यह पहले से जानते थे कि मैच में पाकिस्तानी टीम का क्या रन रेट रहने वाला है। सटोरियों को यह भी मालूम था कि हर 10 ओवरों के सत्र में पाकिस्तानी टीम कितना रन बनाने वाली है।"" "द सन" के मुताबिक पाकिस्तानी पारी की समाप्ति से पहले ही आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोगार्ट ने एक जांच दल के माध्यम से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने अखबार का आभार भी जताया है। अखबार दावा है कि उसके पास इस मैच में फिक्सिंग के पूरे सबूत हैं।
भारत समाचार
मैच फिक्सिंग विवाद: ओवल में पाकिस्तान का रन रेट फिक्स था





















