नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को फिल्म "पा" में अभिनय के लिए "सर्वश्रेष्ठ अभिनेता" का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है जबकि आमिर खान अभिनीत "3 इडियट्स" को भरपूर मनोरंजन करने वाली "सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म" के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।
57वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार बुधवार को घोषित किए गए। अमिताभ ने फिल्म "पा" में प्रोजेरिया बीमारी से पीडित एक बच्चे की भूमिका निभाई थी। फिल्म में अभिषेक बच्चान उनके पिता बने थे जबकि अभिनेत्री विद्या बालन ने उनकी मां की भूमिका निभाई थी। मलयालम फिल्म "कुट्टी स्त्रंक" सर्वश्रेष्ठ फिल्म के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है जबकि ऋतुपर्णो घोष को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया है। बॉलीवुड फिल्म "वेल डन अब्बा" को सामाजिक मुद्दों पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है और "पा" को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला है। फिल्म "देव डी" को सर्वश्रेष्ठ संगीत के लिए चुना गया है।





















