मुंबई। नौसेना ने आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कहा कि उसने इस इमारत के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया।
सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, आदर्श सोसाइटी के बारे में विस्तृत जानकारी मांगे जाने पर नौसेना ने हमें सूचना उपलब्ध कराई कि इस इमारत के निर्माण के लिए एनओसी जारी नही किया गया था।
मुंबई के पॉश इलाके कोलाबा में निर्मित आदर्श सोसाइटी की इमारत पर इस बात को लेकर विवाद ख़डा हो गया है कि करगिल युद्ध विधवाओं के लिए शुरू में यह छह मंजिला बननी थी, मगर इसे 31 मंजिल में कैसे तब्दील कर दिया गया। यह इमारत कोलाबा इलाके के छह हजार 450 वर्घ मीटर भूमि पर बना है।
इसको इस शर्त पर हरी झंडी दी गई थी कि इसमें युद्ध में मारे गए शहीदों की विधवाओं को फ्लैट दिए जाएंगे, लेकिन अब इसमें 104 सदस्यों को फ्लैट उपलब्ध करा दिए गए हैं।
इन लोगों में सेना के वरिष्ठ कमांडर, पूर्व पर्यावरण मंत्री, विधायक और राज्य के नौकरशाह शामिल हैं। सीबीआई ने केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय को पत्र लिखकर इस इमारत को दी गई अनुमति के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है।
भारत समाचार
नौसेना ने कहा, आदर्श सोसाइटी को नहीं दी एनओसी





















