मुम्बई। महाराष्ट्र की विपक्षी पार्टियां सोमवार को राज्यपाल के.शंकरनारायणन से मुलाकात कर आदर्श कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी घोटाले में राजनेताओं और नौकरशाहों की संलिप्तता के लिए अशोक चव्हाण सरकार को बर्खास्त करने की मांग करेगी। भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव विनोद तावडे के अनुसार राज्यपाल से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिव सेना के नेता शामिल होंगे।
तावडे ने रविवार की देर शाम आईएएनएस को बताया, ""हम राज्यपाल से भ्रष्ट अशोक चव्हाण सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करेंगे, क्योंकि इस घोटाले में कई राजनेताओं और नौकरशाहों के लिप्त होने की बात सामने आई है।"" प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से अनुरोध करेगा कि घोटाले में जिन मंत्रियों व नौकरशाहों का नाम आया है, उन सभी के खिलाफ आपराधिक मामला शुरू करने का आदेश दिया जाए। तावडे के अलावा प्रतिनिधिमंडल में पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुधीर मुंगनतिवार, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एकनाथ खडसे और शिवसेना नेता सुभाष देसाई शामिल होंगे। ज्ञात हो कि दक्षिण मुम्बई के पॉश इलाके में बनी इस इमारत के फ्लैट 1999 में कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों के लिए थे।
भारत समाचार
चव्हाण की बर्खास्तगी के लिए राज्यपाल से मिलेंगी विपक्षी पार्टियां





















