कराची। पाकिस्तान के लेग स्पिनर दानिश कनेरिया को एसेक्स काउंटी टीम के साथ अनुबंध के दौरान स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए संयुक्त अरब अमीरात जाने से रोक दिया गया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कल देर रात कनेरिया को टीम के साथ दुबई जाकर जुडने से रोक दिया। पाकिस्तान को 12 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। कनेरिया को आज तडके कराची से मोहमद समी के साथ जबकि मोहम्मद यूसुफ, तौफीक उमर और अजहर अली को लाहौर से रवाना होना था। लेकिन जब यह लेग स्पिनर जाने की तैयारी कर रहा था तब पीसीबी ने उन्हें अगले आदेश तक कराची में ही रूकने को कहा।





















