पटना। माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने गुरूवार को कहा कि रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद मुद्दे पर 24 सितम्बर को आने वाले न्यायालय के फैसले का सबको सम्मान करना चाहिए। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही इस मसले का हल न्यायालय के फैसले से होने की बात कहती रही है। न्यायालय के फैसले को दोनों पक्षों को मान लेना चाहिए। उन्होंने माकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हो रहे नक्सली हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इसके विरोध में पार्टी पूरे देश में अभियान चलाएगी। यह अभियान 12 सितम्बर से शुरू किया जाएगा। करात ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 30 सीटों पर चुनाव ल़डेगी। उन्होंने कहा कि माकपा केवल वामपंथी विचारधारा रखने वाली पार्टियों से ही तालमेल करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरूवार को हुई बैठक में राज्य में 30 सीटों पर ही चुनाव ल़डने का निर्णय लिया गया। करात ने आगे कहा कि उनकी पार्टी हिंदी भाषी क्षेत्रों पर खास ध्यान दे रही है। केंद्र और बिहार सरकार को अ़ाडे हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी बढ़ती जा रही है, लेकिन ये सरकारें कोई कदम नहीं उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार, उ़डीसा तथा पश्चिम बंगाल के सूखाग्रस्त जिलों में अनाज बंटवाना आवश्यक है, ताकि लोगों को भोजन नसीब हो सके।
भारत समाचार
अयोध्या फैसले का सबको सम्मान करना चाहिए : करात





















