लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में कैदियो को पेशी पर ले गए पुलिसकर्मी शराब पीकर बेहोश हो गए, लेकिन कैदियो ने भागने के बजाय पियक्क़ड पुलिसकर्मियो को थाने पहुंचाया। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें निलंबित कर दिया है। अमरोहा में तैनात तीन पुलिसकर्मी हरदयाल, अजयपाल और रविंद्र गुरूवार को जिला जेल में बंद दो कैदियो को बिजनौर की अदालत पेशी कराने के लिए ले गए थे। पेशी न होने पर एक सिपाही रविंद्र अपनी ससुराल चला गया जबकि दो अन्य सिपाही कैदियों को लेकर अमरोहा आने के लिए निकले। तभी अदालत के पास ही रास्ते में दोनों पुलिसकर्मियों ने जमकर शराब पी और थो़डी देर में बेसुध होकर वहीं गिर प़डे। बिजनौर के पुलिस अधीक्षक राम कुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि दोनों कैदियों ने भागने के बजाए दोनों बेसुध पुलिसकर्मियों को कोतवाली पहुंचाया। कुमार ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि हमने रिपोर्ट अमरोहा पुलिस अधीक्षक को सौंप दी। अमरोहा की पुलिस अधीक्षक मंजुल सैनी ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आज तीनों आरोपी पुलिसकर्मियो को निलंबित करके पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दो ने शराब पी थी जबकि एक ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर होकर ससुराल चला गया। तीनों फिलहाल फरार हैं।
भारत समाचार
कैदियो ने पहुंचाया पुलिसकर्मियों को थाने





















