पटना। बिहार में पिछले दिनों पुलिसकर्मियों को बंधक बनाए जाने के दौरान एक बंधक पुलिसकर्मी के परिवार को सहानुभूति देने के लिए उसके घर जाने वाले एक नक्सली के संबंध में पुलिस मुख्यालय ने खगडिया के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी. के. ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले में खगडिया पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट में बंधक बनाए गए उप निरीक्षक (एसआई) अभय यादव के घर पहुंचे कथित नक्सली नेता की पहचान की पुष्टि करने के लिए कहा गया है। पांच सितंबर को एक स्थानीय चैनल पर एक कथित नक्सली नेता को पुलिसकर्मी अभय यादव के घर पर दिखाया गया था। नक्सली नेता ने उस समय अभय की पत्नी रजनी से सहानुभूति जताते हुए बंधक बनाये गये पुलिसकर्मियों को जल्द छो़डने की बात कही थी। इसके अलावा नक्सली ने रजनी से राखी भी बंधवाई थी। ठाकुर ने कहा कि पुलिस जल्द ही उक्त नक्सली की पहचान कर लेगी। लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में 29 अगस्त को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभे़ड में सात पुलिस जवान शहीद हो गये थे जबकि सात से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। इस दौरान नक्सलियों ने चार पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था जिनमें से एक की हत्या कर दी गई थी। नक्सलियों ने आठ दिन बाद तीन बंधक पुलिसकर्मियों को रिहा कर दिया था।





















