नई दिल्ली। रिएलिटी शो "बिग बॉस 4" से बेघर हुए प्रतिभागी राहुल भट्ट ने खुलासा किया है कि "बिग बॉस" के घर में सभी विवाद, ल़डाई-झग़डे और यहां तक कि रोमांस भी पूर्व निर्धारित होते हैं। राहुल शुक्रवार को ही शो से बेघर हुए हैं।
फिल्मकार महेश भट्ट के बेटे राहुल कहते हैं कि उन्हें शो से इसलिए बाहर होना प़डा क्योंकि वह लोगों का मनोरंजन करने में असफल रहे। राहुल ने मुम्बई से फोन पर कहा, ""मैं लम्बे समय तक रूक सकता था लेकिन जनता के हक में फैसला हुआ। मूल रूप में मैं वहां कोई मनोरंजन नहीं कर रहा था। मैं कोई नौटंकी नहीं कर रहा था और न ही मुझे किसी ल़डकी से प्यार हुआ।"" "बिग बॉस" अंतर्राष्ट्रीय रिएलिटी शो "बिग ब्रदर" का भारतीय संस्करण है।
राहुल का दावा है कि इस शो में जो कुछ भी होता है वह पूर्व निर्धारित होता है। उन्होंने कहा, ""हां, ये सब पूर्व निर्धारित होता है। यह टीआरपी का खेल है। लोग नौटंकी, ल़डाई-झग़डा और रोमांस देखना चाहते हैं.. और चैनल (कलर्स) भी यही सब दिखाना चाहता है। मेरे विचार से जो लोग नौटंकी करते हैं उन्हें ज्यादा दिखाया जाता है।"" राहुल ने कहा कि शो में जिस तरह से डॉली बिंद्रा आती हैं और उनकी श्वेता तिवारी से ल़डाई होती है और फिर सारा खान के पुरूष मित्र आते हैं व दोनों की शादी की घोषणा होती है, उससे लगता है कि सब कुछ पूर्व निर्धारित होता है। राहुल एक जिम प्रशिक्षक हैं। वह 26/11 के मुम्बई हमले के साजिशकर्ता आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से उनके संबंधों के खुलासे के बाद सुर्खियों में आए थे।
भारत समाचार
पूर्व निर्धारित है "बिग बॉस 4" की कहानी : राहुल




















