नई दिल्ली। अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (आर कॉम) ने सोमवार को तीसरी पीढ़ी (3जी) की दूरसंचार सेवाओं के स्पैक्ट्रम की 8,585.04 करो़ड रूपये (1.91 अरब डॉलर) की राशि सरकार को चुका दी है। रिलायंस कम्युनिकेशन 13 सर्किलों में 3जी स्पैक्ट्रम की बोली जीतने वाली तीन कंपनियों में से एक है। 19 मई को समाप्त हुई स्पैक्ट्रम नीलामी में आर कॉम ने दिल्ली और मुंबई के संभावित रूप से ज्यादा कमाई वाले सर्किलों की बोली भी जीती है।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, ""आर कॉम अपने 10.2 करो़ड उपभोक्ताओं को 3जी-रेडी नेटवर्क के जरिए आकर्षक सेवाएं उपलब्ध कराएगी, आर कॉम ने उन सभी सर्किलों में 3जी स्पैक्ट्रम की बोली जीती है जहां उसके पास पहले से ही 900 मेगाहट्र्ज के स्पैक्ट्रम मौजूद हैं। कंपनी द्वारा हासिल किए गए 13 सर्किलों में तेज विकास करने वाले "सी" सर्किल भी शामिल हैं जिनमें स्पैक्ट्रम की कीमत 500 करो़ड से कम रही है।""
कंपनी ने कहा कि इससे आर कॉम देशभर में 3जी सेवाएं संचालित करने में सक्षम सीडीएमए क्षेत्र की एकमात्र कंपनी हो गई है। इसके अलावा कंपनी सबसे ज्यादा 3जी स्पैक्ट्रम कवरेज वाली तीन ब़डी कंपनियों में से एक हो गई है। 3जी सेवाएं शुरू करने के लिए कंपनी को बहुत कम पूंजीगत निवेश करना प़डेगा क्योकि उसके पास देशव्यापी जीएसएम नेटवर्क पहले से मौजूद है। कंपनी अपने उपभोक्ताओं को "वास्तविक और अद्वितीय 3जी सेवाएं" देने के लिए उन्हें मीडिया, गेमिंग, सिनेमा और प्रसारण संबंधी कंटेट उपलब्ध कराएगी।
दूरसंचार विभाग (डीओटी) की गाइडलाइंस के मुताबिक 3जी स्पैक्ट्रम की बोली जीतने वाली कंपनियों को 31 मई तक अपनी राशि जमा करानी है। दूरसंचार विभाग के मुताबिक भारती एयरटेल ने 13 सर्किलों में 3जी स्पैक्ट्रम की बोली के 12,295.46 करो़ड रूपये (2.73 अरब डॉलर) चुका दिए हैं। एयर सेल के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी ने शुक्रवार को बोली के 6,499.46 करो़ड रूपये चुका दिए हैं। एटिस्लेट और वीडियोकॉन ने किसी भी सर्किल में 3जी स्पैक्ट्रम की बोली नहीं जीती है। सरकार को 3जी नीलामी से 67,718.95 करो़ड रूपये (15 अरब डॉलर) का राजस्व मिला है।
भारत समाचार
आर कॉम ने 3जी स्पैक्ट्रम के लिए 1.91 अरब डॉलर चुकाए





















