बडोदरा। गुजरात के बडोदरा शहर में छह बम बरामद होने के बाद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शहर के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया कि बम एक किलो एक सौ ग्राम वजन के थे और यहां याकूतपुरा क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल के निकट एक बैग से बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर जब पुलिस वहां पहुंची तो उसे बैग मिला। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यदि इनमें विस्फोट हो जाता तो बैग वाले स्थान से पांच से दस मीटर की दूरी तक काफी नुकसान हो सकता था। पुलिस उपायुक्त अशोक यादव ने कहा कि इन बमों में गन पाउडर, अमोनियम नाइट्रेट, 6 कांच की किरचें और अन्य सामग्री का उपयोग किया गया था। हिरासत में लिए गए तीन लोगों में से एक इसी शहर का निवासी है जबकि एक अन्य सूरत का रहने वाला है। उनसे पूछताछ की जा रही है। बैग जिस स्थान से बरामद हुआ उसके समीप होने के कारण इन लोगों को हिरासत में लिया गया है।





















