हैदराबाद। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 19 अक्टूबर को यहां शुरू हो रहे "थर्ड वल्र्ड अकेडमी ऑफ साइंसेज" (टीडब्ल्यूएस) की आम बैठक का उद्घाटन और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर) के हैदराबाद परिसर की आधारशिला रख सकते हैं।
राज्य सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री जे. गीता रेड्डी ने बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि दोनों आयोजनों में शरीक होने के लिए प्रधानमंत्री शहर का दौरा कर सकते हैं। रेड्डी ने बताया, ""राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के बारे में चर्चा हुई। हम इस यात्रा की पुष्टि की प्रतीक्षा में हैं।"" टीडब्ल्यूएएस की 21वीं आम बैठक 19 से 22 अक्टूबर के बीच एल.वी. प्रसाद नेत्र संस्थान में होनी है, जिसमें 35 देशों के 350 से अधिक वैज्ञानिकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय इस बैठक का प्रायोजक है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) और मध्य व दक्षिण एशिया में टीडब्ल्यूएस का क्षेत्रीय कार्यालय इसकी संयुक्त रूप से मेजबानी करेंगे। इटली के त्रिस्टी में स्थित टीडब्ल्यूएएस एक स्वायत्त अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो दक्षिण में सतत विकस के लिए वैज्ञानिक क्षमता और गुणवत्ता को बढ़ावा देता है।





















