डरबन। मुंबई इंडियंस के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने विशाल स्कोर खडा करने के बावजूद चैंपियंस लीग टी-20 में साउथ आस्ट्रेलिया के हाथों पांच विकेट की शिकस्त के लिए खराब क्षेत्ररक्षण को जिम्मेदार ठहराया है।
मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 180 रन बनाए जिसके जवाब में साउथ आस्ट्रेलिया ने 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बनाकर मैच जीत लिया। सचिन ने मैच के बाद कहा कि बल्लेबाजों ने 180 रन तक स्कोर पहुंचाकर काफी अच्छा काम किया, लेकिन क्षेत्ररक्षण के कारण हमें मैच गंवाना पडा। उन्होंने कहा कि हमें नियमित अंतराल पर विकेट की जरूरत थी और हमें मौके भी मिले लेकिन हम इनका फायदा उठाने में नाकाम रहे। हर समय उन्हें प्रत्येक ओवर में 10 से 11 रन की जरूरत थी और हम मैच में बने हुए थे लेकिन नाकाम रहे। मुंबई इंडियंस का क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा। सचिन और सौरभ तिवारी ने 56 रन की पारी खेलने वाले मैन आफ द मैच डेनियल हैरिस को जीवनदान किए जबकि रन आउट के मौके भी गंवाए। सचिन ने कहा कि उनकी टीम को अगले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा और यह अहम है कि कुछ विशेष करें। हैरिस के साथ ही पहले विकेट के लिए 112 रन जोडकर टीम की जीत से अहम भूमिका निभाने वाले साउथ आस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लिंगर ने कहा कि यह बेहतरीन प्रयास था। हमने खुद पर विश्वास रखा। मैं अपने खिलाडियों से इससे बेहतर प्रयास की उम्मीद नहीं कर सकता था। हमारे बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
भारत समाचार
हार कारण खराब क्षेत्ररक्षण : सचिन तेंदुलकर





















