पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शत्रुध्न सिन्हा ने बुधवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रचार करने के लिए कौन आएगा और कौन नहीं आएगा यह पार्टी का अंदरूनी मामला है।
सिन्हा ने पटना में एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान कहा कि आज भाजपा के सहयोगी दल के कुछ लोग जो मेरे अपने ही हैं, ने तालमेल पर पुनर्विचार करने की बात कही है। आखिर भाजपा ने क्या अपराध कर दिया है कि पुनर्विचार करना प़डे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कौन प्रचार करेगा और कौन नहीं करेगा, जनता दल (युनाइटेड) के लिए कौन प्रचार करेगा यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। इसमें कोई क्यों रोकेगा। फिल्म अभिनेता ने कहा कि उन सभी विधायकों को टिकट मिलना चाहिए जिन्होंने पिछले पांच वर्षो में अच्छा काम किया है। उन्होंने भाजपा में अनुशासन पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि आज सेटिंग-गेटिंग का काम चल रहा है। आज अन्य दल के लोग मेरे ही लोगों के प्रस्ताव के साथ घूम रहे हैं। यह कब तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को वातावरण अच्छा करने के लिए काम करना चाहिए क्योंकि इस राज्य को भाजपा और जद (यु) की सरकार चाहिए।





















