लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक विधायक के बेटे को नशे में धुत्त होकर मोटरसाइकिल के शोरूम में जाकर गोलीबारी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि शोरूम के दो कर्मचारी घायल हो गए।
बरेली की नवाबगंज विधानसभा सीट से विधायक भगवत सरन गंगवार के बेटे अतुल गंगवार ने कथित तौर पर बुधवार रात शहर के सिविल लाइन इलाके में स्थित हीरो होंडा के शोरूम में जाकर गोलीबारी शुरू कर दी। यह शोरूम विधायक के पेट्रोल पंप के निकट ही है जिसकी देखरेख अतुल करता था। बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक प्रकाश डी. ने गुरूवार को बताया कि अतुल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नशे की हालत में व्यस्त बाजार में गोलीबारी करने की वजह से उसे गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त रायफल भी जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि शोरूम में जाकर अतुल ने गोलीबारी क्यों की। इतना स्पष्ट है कि गोलीबारी के समय वह नशे में था। पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त राइफल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। कोतवाली (शहर) प्रभारी राजा सिंह ने आईएएनएस से कहा कि राइफल का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ लाइसेंसी शस्त्र के दुरूपयोग का भी मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अतुल मोटरसाइकिल को ठीक कराने के बारे में जानकारी लेने शोरूम गया था। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों के साथ उसकी बहस हो गई। बहस के बाद अतुल ने कथित तौर पर नशे की हालत में ही गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि शोरूम के दो कर्मचारी घायल हो गए। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भारत समाचार
गोलीबारी करने वाला विधायक पुत्र गिरफ्तार





















