नई दिल्ली। पहलवान सुशील कुमार ने अपने कोच सतपाल सिंह के अपमान पर नाराजगी जताई है। उल्लेखनीय है कि खेल मंत्री एमएस गिल ने फोटो खिंचवाते समय सतपाल सिंह को फोटो फ्रेम यानी की कैमरे के सामने से हटा दिया था।
इससे पहले विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप जीतने के बाद सुशील कुमार नजफगढ़ पहुंचे जहां उनके प्रशंसको ने सुशील का जोरदार स्वागत किया। क्षेत्र के विधायक सहित हजारों लोगों ने पूरे नजफगढ़ क्षेत्र में सुशील कुमार को घुमाया। वहीं रेलवे प्रमोशनल बोर्ड ने भी सुशील को स्मृति चिन्ह और दस लाख का चैक देकर सम्मानित किया। इसके अलावा रेल मंत्री ममता बनर्जी ने भी उन्हें फोन पर बधाई दी है। इतिहास रचने वाले सुशील कुमार भारत के पहले खिल़ाडी बन गए हैं जिसने पहली बार भारत की तरफ से विश्व कुश्ती चैंपियनशिप जीती है। नजफगढ़ के रहने वाले 27 वर्षीय सुशील कुमार ने रूस के गोगायेव ऎलन को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है। बीजिंग ओलिपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने पदक मास्को में विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में जीता है।





















