नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के साथ अगले महीने से खेली जाने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम का चयन सोमवार को किया जाएगा। कीवी टीम भारत में तीन टेस्ट और पांच एकदिवसीय मैच खेलेगी। भारतीय टीम ने हाल ही में खेली गई दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में आस्टे्रलिया को 2-0 से पराजित किया है, इस लिहाज से टेस्ट टीम में किसी परिवर्तन के आसार नहीं दिखते। एकदिवसीय श्रृंखला का चयन टेस्ट श्रृंखला के बाद किया जाना है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 4 से 8 नवम्बर के बीच अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें हैदराबाद रवाना हो जाएंगी, जहां दूसरा टेस्ट मैच 12 से 16 नवम्बर के बीच राजीव गांधी स्टेडियम में होगा। तीसरा टेस्ट 20 से 24 नवम्बर के बीच नागपुर में खेला जाएगा। इस श्रृंखला के लिए कीवी टीम रविवार को घोषित कर दी गई। डेनियल विटोरी की कप्तानी में चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में दो नए चेहरे-नार्दन डिस्ट्रिक्ट्स के युवा बल्लेबाज केन विलियमसन और कैन्टरबरी के तेज गेंदबाज हामिश बेनेट को जगह दी गई है। इसके अलावा बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल को भी टीम में जगह दी गई है, जो अपने देश की ए टीम के साथ जिम्बाब्वे दौरे पर हैं। कीवी टीम को हाल ही में बांग्लादेश के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला में 0-4 से हार मिली थी।
गुपटिल के अलावा ब्रेंट अर्नेल, क्रिस मार्टिन, टिम मिशिंटोस, गारेथ हॉपकिंस और जीतन पटेल जिम्बाब्वे दौरे पर हैं और ये सभी जिम्बाब्वे से सीधे भारत के लिए उ़डान भरेंगे। पीटर इंग्राम, मैथ्यू सिनक्लेयर और जेम्स फ्रेंकलिन टीम में जगह नहीं बना सके।
भारत समाचार
न्यूजीलैंड के साथ भि़डने वाली टीम का ऎलान सोमवार को





















