लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गन्ना उत्पादकों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को गन्ने के समर्थन मूल्य में 40 रूपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा की।
मायावती ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ""यह वृद्धि न केवल अभूतपूर्व है बल्कि देश के किसी भी अन्य राज्य ने अब तक इतना समर्थन मूल्य की घोषणा नहीं की है।"" उन्होंने कहा, ""इससे प्रदेश में गन्ने की सामान्य किस्म का राज्य समर्थित मूल्य (एसएपी) 205 रूपये हो जाएगा।"" कम पैदावार वाली दो अन्य किस्मों का मूल्य 200 और 210 रूपये हो जाएगा। उत्तर प्रदेश में करीब 30 लाख गन्ना उत्पादक हैं, जिन्हें सभी राजनीतिक दल वोट बैंक के तौर पर देखते हैं। मायावती ने इस बात को ध्यान में रखकर ही मंत्रिमंडल की बैठक में मंगलवार को मूल्य वृद्धि का मुद्दा उठाया। मायावती ने कहा कि यह एक तथ्य है कि न तो उत्तर प्रदेश की पूर्व सरकारों ने और न ही अन्य राज्य सरकारों ने किसानों को इतना अधिक समर्थन मूल्य दिया है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को किसानों की कितनी चिंता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में भी उनकी सरकार का रवैया गन्ना उत्पादकों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रहा था। मायावती ने कहा कि तब पहले के समर्थन मूल्य में 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जितने समर्थन मूल्य की अनुशंसा की है राज्य सरकार उससे ज्यादा मूल्य दे रही है।





















