कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

विप्रो का पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा 31 प्रतिशत बढ़ा

बेंगलुरू। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी विप्रो ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अपने शुद्ध मुनाफे और कुल आय में दोहरे अंकों की वृद्धि दर जारी रखते हुए अगली तिमाही के लिए वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी सेवा व्यापार की कुल आय का पूर्वानुमान भी बढ़ा दिया है।
देश की तीसरी सबसे ब़डी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो ने कहा कि दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में कंपनी की सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं से आय पहली तिमाही के मुकाबले 5.1 प्रतिशत बढ़कर 1.3 अरब डॉलर हो जाएगी। पहली तिमाही में कंपनी की यह आय 1.2 अरब डॉलर रही है। विप्रो के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी ने अपने एक बयान में कहा, ""दूसरी तिमाही के लिए हमारा अनुमान इस क्षेत्र में पहली तिमाही में तेजी से बढ़ी मांग को दर्शाता है। हमें उम्मीद है कि हमारे सूचना प्रौद्योगिकी व्यापार की आय दूसरी तिमाही में 125.3-127.7 करो़ड डॉलर रहेगी।"" कंपनी का यह अनुमान अमेरिकी डॉलर के मौजूदा मूल्य 45.68 रूपये पर आधारित है।
नियामक को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा की चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,319 करो़ड रूपये रहा। इसमें सालाना आधार पर 31 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि तिमाही में कंपनी की कुल आय पिछले साल के मुकाबले 16.6 प्रतिशत बढ़कर 7,236 करो़ड रूपये हो गई है। अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय मानकों के तहत वित्त वर्ष में कंपनी की शुद्ध आय 28.4 करो़ड डॉलर और कुल राजस्व 1.56 अरब डॉलर रहा। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के तहत कंपनी के वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी सेवा व्यापार के राजस्व में 16.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 1.2 अरब डॉलर रहा। वहीं, रूपये में यह 55 अरब रूपये रहा।
विप्रो के कार्यकारी निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी सुरेश सेनापति ने कहा, ""कंपनी ने मुद्रा के स्थिर मूल्य पर आधारित अनुमान के अनुरूप प्रदर्शन किया है। पहली तिमाही में कंपनी ने 4.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।"" सेनापति ने कहा, ""मुद्रा मूल्य में परिवर्तन के कारण भी हमें मुनाफे में 60 आधार अंकों का लाभ हुआ है।""
उन्होंने कहा, ""कंपनी की कुल आय में सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं का हिस्सा 76 प्रतिशत है। कंपनी की ऑपरेटिंग आय 93 प्रतिशत रही है जबकि सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं में कंपनी की ऑपरेटिंग आय 25 प्रतिशत है।""  

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें