पेरिस। भारत के दिग्गज टेनिस स्टार महेश भूपति और उनके जो़डीदार बेलारूस के मैक्स मिर्नी एटीपी वल्र्ड टूर फाइनल टेनिस टूर्नामेंट के लिए योग्यता हासिल करने में सफल रहे हैं लेकिन भारत के एक अन्य खिल़ाडी रोहन बोपन्ना और उनके पाकिस्तानी जो़डीदार अहसाम उल हक कुरैशी इससे चूक गए हैं।
भूपति और मिर्नी ने जोनाथन इर्लिच और माइकल कोल्हमैन की जो़डी को 3-6, 6-1, 10-5 से हराकर इस प्रतिष्ठित आयोजन में खेलने का अधिकार हासिल किया। दूसरी ओर, "इंडो पाक एक्सप्रेस" नाम से मशहूर बोपन्ना और कुरैशी को मार्क नोल्स और एंडी रैम की जो़डी ने दूसरे दौर के मुकाबले में 6-3, 6-2 से पराजित किया। इस हार ने हालांकि चीन के शहर क्वांगचो में 12 नवम्बर से शुरू हो रहे एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम को मजबूती प्रदान की है। बोपन्ना अब सीधे चीन रवाना होंगे, जहां वह अपने देश के लिए एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगे।





















