मोहाली (पंजाब)। चण्डीगढ़ के निकट स्थित मोहाली में पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) के मैदान पर भारत के साथ खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान और आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
पहले टेस्ट मैच के दौरान यह तीखी नोकझोंक तब हुई जब पोंटिंग 71 रन बनाकर सुरेश रैना के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए। ऎसा माना जा रहा है कि आउट होने के बाद पोंटिंग पेवेलियन लौट रहे थे तभी अपनी टीम के साथियों के साथ ख़डे जहीर ने कुछ प्रतिक्रिया दी, जिसपर आस्ट्रेलियाई कप्तान तुरंत मु़डे और उन्होंने बल्ले से जहीर की तरफ इशारा किया। दोनों के बीच विवाद बढ़ता देख अंपायर बिली बाउडन ने बीच बचाव किया। इस दौरान भारतीय टीम के अन्य खिलाडियों ने कुछ नहीं कहा। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पोंटिंग की तरफ बढ़ते जहीर को रोका। इस घटना की शिकायत अंपायरों द्वारा मैच रेफरी क्रिस ब्राड से किए जाने की उम्मीद है। गौरतबल है कि आस्ट्रेलिया ने मोहाली टेस्ट में पहले दिन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।





















