मुंबई। सलमान खान की सुपरहिट फिल्म दबंग का हिट गाना मुन्नी बदनाम हुई डार्लिग तेरे लिए.... भले ही लोगों को खूब पसंद आ रहा है, लेकिन झंडू बाम बनाने वाली कंपनी इमामी ने इस गाने पर फिल्म की निर्माता कंपनी को नोटिस भेजा है। कंपनी को इस गाने में अपनी कंपनी के प्रोडक्ट झंडू बाम के इस्तेमाल पर आपत्ति है। इमामी ने इस फिल्म की निर्माता कंपनी अरबाज खान की कम्पनी व मलायका अरोडा को नोटिस भेजा है।
उन्होंने कहा है कि उनके प्रोडक्ट के नाम को इस गाने से हटाया जाए। इमामी कंपनी के अनुसार, इस गाने में झंडू बाम का अपमान किया गया है। कंपनी ने ये भी धमकी दी है कि 24 घंटे के भीतर अगर मुन्नी बदनाम हुई .. गाने से झंडू बाम शब्द नहीं हटाया गया तो कंपनी इस मसले को लेकर कोर्ट जाएगी। इस गाने को लेकर नकल के आरोप भी लगते रहे है। कहा जा रहा है कि यह पूर्वाचल में लोकप्रिय गाने लौंडा बदनाम हुआ नसीबन तेरे लिए .. की नकल है। हालांकि इस बारे में अभी तक निर्माता को कोई नोटिस नहीं मिला है। वैसे मुंबई के एक एनजीओ ने इसी गाने में हिंदुस्तान शब्द को गलत संदर्भ में इस्तेमाल करने के लिए अदालत में एक याचिका जरूर दायर की थी। गाने में कहा गया है, मुन्नी हिंदुस्तान हुई..। संस्था का कहना था कि फिल्म में एक नाचने-गाने वाली लडकी के मुंह से हिंदुस्तान शब्द का गलत संदर्भ में इस्तेमाल कराया गया है। यह गाना सलमान खान और मलाइका अरोडा पर फिल्माया गया है।
भारत समाचार
मुन्नी बदनाम हुई.. का सरदर्द बना झंडूबाम





















