नई दिल्ली। केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) के अग्रिम अनुमानों के अनुसार 2009-10 में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहेगी। पिछले वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 6.7 फीसदी थीं। हालांकि सीएसओ का यह अनुमान भारतीय रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के अनुमान की तुलना में कम है। वित्त मंत्रालय ने अर्थव्यवस्था की मध्यावधि समीक्षा में जीडीपी की वृद्धि दर 7.75 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी मौद्रिक नीति की तिमाही समीक्षा में आर्थिक वृद्धि दर 7.5 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था। हालांकि यह माना जा रहा है कि अर्थव्यवस्था चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में पहली तिमाही की तुलना में ज्यादा तेजी से आगे बढेगी। पहली छमाही में आर्थिक वृद्धि दर सात फीसदी रही थीं।