हैदराबाद। तेलंगाना राष्ट्र समिति टीआरएस ने सर्वदलीय संयुक्त कार्यसमिति जेएसी के आहान के बाद शनिवार को अपने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों के इस्तीफे के फैसले को टाल दिया। संबंधित सदन अध्यक्षों को इस्तीफे सौपने से पहले अब टीआरएस सांसद, सभी 10 विधायक और विधान परिषद का एक सदस्य जेएसी के निर्णय का इंतजार करेंगे। विधानसभा में टीआरएस विधायक दल के नेता ई. राजेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि शनिवार शाम की बैठक में यदि जेएसी ने इस्तीफों पर कोई निर्णय नहीं लिया तो टीआरएस रविवार को इस्तीफों के फैसले पर आगे बढेगी। पृथक तेलंगाना राज्य के गठन पर विचार के लिए गठित श्रीकृष्ण समिति के निर्धारित कार्यक्षेत्र के विरोध में टीआरएस प्रमुख के.चंद्रशेखर ने शुक्रवार को ही पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों के सामूहिक इस्तीफे की घोषणा की थीं। समिति के कार्यक्षेत्र को तेलंगाना के गठन के अनुकूल नहीं बातते हुए टीआरएस ने उसे खारिज कर दिया था और क्षेत्र के सभी दलों के विधायकों से इस्तीफा देने का आग्रह किया।