नई दिल्ली। थोकमूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति जनवरी माह में बढकर 8.56 फीसदी हो गई, जबकि दिसंबर माह मे यह 7.3 फीसदी थीं। हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक ने हाल ही में कहा था कि सामान्य कीमत स्तर में वृद्धि का यह स्तर चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक पहुंचेगा। जनवरी में साल दर साल के आधार पर चीनी 58.96 फीसदी महंगी रही जबकि आलू 53.39 फीसदी और दाल की कीमत 45.64 फीसदी महंगा रहा। इसी तरह मसूर की कीमत में नौ फीसदी, अरहर छह फीसदी और गेंहू चार फीसदी महंगी हुई हैं। आज जारी आंकडों के अनुसार नवंबर 2008 के बाद से महंगाई दर में यह सबसे ज्यादा बढोतरी है। बीते वर्ष मानसून कम रहने के कारण 30 जनवरी को समाप्त सप्ताह मे खाद्य मुद्रास्फीति की दर बढकर 17.4 के स्तर पर पहुंच गई थीं, जिसने महंगाई दर में इजाफा करने में बडी भूमिका निभाई थीं। विनिर्माण क्षेत्र में महंगाई दर भी जनवरी में दिसंबर के 5 फीसदी से बढकर 6.55 फीसदी हो गई, जिसका असर भी महंगाई दर में बढोतरी के रूप में सामने आया है।