भारत समाचार
हेलिकॉप्टर मिला, सीएम रेड्डी सहित पांचों का निधन

इससे पहले उनके हेलिकॉप्टर का पता सर्च ऑपरेशन में लगे वायुसेना के एक हेलिकॉप्टर ने गुरूवार सवेरे लगाया। इसके बाद रूद्रकोडा पहाडी को नक्सल विरोधी दल ने चारों तरफ से घेर लिया और सेना एवं पुलिस के बचाव दस्ते सेना अधिकारियों के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना किए गए। सेना ने पहाडी पर पहले आठ पैरा ट्रूपर्स उतारे। इसके बाद दो हेलिकॉप्टर में दो दर्जन कमांडो वहां और भेजे गए। हेलिकॉप्टर के पास पहुंचे कमांडो को जली हुई हालत में पांच शव मिले, जो मुख्यमंत्री रेड्डी के अलावा उनके विशेष सचिव एस. सुब्रमण्यम, उनके मुख्य सुरक्षा अधिकारी तथा दोनों पायलट के थे। उनमें एक शव बुरी तरह से जला हुआ था।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी बुधवार सुबह 8:35 बजे हेलिकॉप्टर से हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे से चित्तूर के रवाना हुए थे। इसके एक घंटे बाद ही उनके हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया था। उसके बाद राज्य प्रशासन और सेना ने उनकी तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस अभियान में पांच हजार सुरक्षाकर्मियों सहित दस हजार से अधिक लोग लगे हुए थे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अघ्यक्ष सोनिया गांधी भी काफी चिंतित दिखाई दिए और वे खुद भी सर्च अभियान की जानकारी लेते रहे। केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम खुद खोज अभियान पर नजर रखे हुए थे। अभियान के तहत हजारों की संख्या में सुरक्षा बल, वनकर्मी, अन्य एजेंसियों के बचावकर्मी और ग्रामीण रातभर जंगलों की छानबीन में लगे रहे। इसरो ने तलाशी में मदद के लिए अपना हेलिकॉप्टर लगाया। जिसने जंगल के विभिन्न स्थानों की 41 फोटो लेकर हेलिकॉप्टर का पता लगाने की कोशिश की।




















