न्यूयार्क, 9 सितंबर। अमेरीकी ओपन में भारत के लिएंडर पेस और महेश भूपति अपने अपने जोडीदारों के साथ पुरूष युगल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए है। जबकि यूकी भांबरी ने लडकों के एकल वर्ग में तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। चौथी वरीयता प्राप्त पेस ओर चेक गणराज्य के लुकास डुलोही की जोडी ने सातवीं वरीयता प्राप्त दक्षिण अफ्रीका के वेसले मुडी ओर बेल्जियम के डिक नार्मन को 6-3, 5-7, 6-4 से पराजित किया। अब उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरीका के बाब और माइक ब्रायन से होगा। तीसरी वरीयता प्राप्त भूपति और बहामा के मार्क नोएल्स ने क्रोएशिया के इवान जुबिचिच और फ्रांस के माइकल लोद्रा को 6-4, 4-6, 7-6 से शिकस्त दी। अब उनकी टक्कर बेलारूस में मैक्स मिरली और इस्राइल के एंडी रैम से होगा। पेस मिश्रित युगल में भी जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ फाइनल में पहुंच गए। पेस और ब्लैक की दूसरी वरीयता प्राप्त जोडी ने चीनी ताइपे सू वेइ सेह और जिम्बाब्वें के केविन उलिएट को 6-2, 3-6, 10-5 से शिकस्त दी। अब उनका सामना अमेरीका के गैर वरीयता कार्ली गुलिकसन और ट्रेविस पेरोट से होगा।