नई दिल्ली, 15 सितंबर। देश की आंतरिक सुरक्षा में सुधारन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को गृह मंत्री पी चिदंबरम की प्रशंसा की। पुलिस महानिदेशकों व महानिरीक्षकों के सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल हमने आतंकवाद के मामले में कुछ बडी सफलताएं हासिल कीं। उन्होंने कहा, हमारी आतंरिक सुरक्षा को सुधारने के लिए पिछले कई महीनों में किए गए प्रयासों के लिए मैं गृह मंत्री और उनकी टीम को बधाई देना चाहता हूं। मनमोहन ने कहा कि कई आतंकी माडयूल घ्वस्त किए गए और कई बडे आतंकियों की गिरफ्तारी की गई। आपकी सतर्कता की बदौलत पिछले साल नवंबर के बाद से कोई गंभीर आतंकी हमला नहीं हुआ। उन्होंने हाल ही संपन्न हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षाबलों के योगदान के लिए उन्हें सराहा। प्रधानमंत्री ने कहा, चुनाव के दौरान और मतदान से पहले जो शांति रही यह आपके प्रयासों का नतीजा है। आपको इस प्रदर्शन के लिए देश का धन्यवाद है। मुंबई में पिछले साल नवंबर में हुए आतंकी हमले के बाद ही पी चिदंबरम को गृहमंत्री बनाया गया था।