नई दिल्ली, 18 सितंबर। अमरीका ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान को हाफिज सईद समेत मुंबई हमलों के सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लानी चाहिए। भारत में अमरीकी राजदूत टिम रोमर ने यहां गृह मंत्री पी. चिदंबरम से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि मुंबई हमलों के छह संदिग्धों के खिलाफ पाकिस्तान में तेजी से और कडी कार्रवाई भारत और अमरीका के लिए महत्वपूर्ण है। रोमर ने चिदंबरम से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी मुलाकात की। समझा जाता है कि उन्होंने दोनों नेताओं के साथ मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के संबंध में बातचीत की। रोमर ने मुंबई हमले के संदिग्धों में लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद का नाम लिया और कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद के ढांचे को नष्ट करना भी जरूरी है। चिदंबरम इसी माह अमरीका की यात्रा पर गए थे और वहां उन्होंने अमरीकी प्रशासन को बताया था कि भारत द्वारा हाफिज सईद तथा मुंबई हमलों के अन्य दोषियों के खिलाफ पुख्ता सबूत दिए जाने के बावजूद पाकिस्तान ने उचित कार्रवाई नहीं की है।