चेन्नई 19,सितम्बर। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने दो दशक पूरे होने का जश्न टीम इंडिया को दुनिया की नंबर एक वनडे टीम बनाकर मनाना चाहते है। 36 वर्षीय सचिन ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि हमारे पास नंबर एक बनने की योग्यता, इच्छा और भावना सबकुछ है। हस इस स्थान पर पहुंचने के लिए पुरा जोर लगाएंगे। मैं बचपन में भारत की तरफ से क्रिकेट खेलने का सपना देखता था। बाद में मैंने अपने सपने को साकार किया और आज उसमें जी रहा हूं। गौरतलब है कि पिछले करीब एक वर्ष से वनडे सीरीज में अपराजेय चल रही टीम इंडिया अगले सप्ताह से दक्षिण अफ्रीका में शुरू हो रही चैपियंस ट्राफी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में 44वां वनडे शतक लगाने वाले सचिन ने कहा कि आने वाला सत्र काफी चुनौतीपूर्ण होगा। इस दौरान काफी क्रिकेट खेली जानी है। हम चैंपियंस ट्राफी में शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। भारत वर्ष 2002 में चैपियंस ट्राफी का संयुक्त विजेता रहा था। सचिन ने कहा कि हम अपने देश और प्रशंसकों की उम्मीद के साथ चैंपियंस ट्राफी में खेलने उतरेंगे।