नई दिल्ली, 24 सितंबर। 12 सितंबर को खत्म हफ्तें में महंगाई दर में 0.37 प्रतिशत की बढोतरी हुई है, जो इससे हफ्ते भर पहले 0.12 प्रतिशत रही थी। यानी महंगाई दर में पिछले हफ्ते के मुकाबले 0.25 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है। प्राथमिक वस्तुओं और मैन्यूफैक्चर्ड उत्पादों आदि की कीमतों में बढोतरी के कारण महंगाई दर में यह बढोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल के ठीक इसी हफ्ते में महंगाई दर 12.42 प्रतिशत रही थी। इस साल जून में महंगाई दर में ऎतिहासिक गिरावट दर्ज की गई और 6 जून 2009 को खत्म हुए हफ्ते में यह पिछले 32 सालों के सबसे निचले स्तर -1.61 प्रतिशत पर चली गई थी। प्राइवेट सेक्टर के संस्थानों में काम करने वाले कई अर्थशास्त्री अगले मार्च तक महंगाई दर के 8 प्रतिशत तक पहुंचने को अनुमान पहले ही पेश कर चुके है। गौरतलब है कि लगातार 3 महीने तक 0 प्रतिशत से नीचे रहने के बाद 5 सितंबर को खत्म हफ्ते में महंगाई दर फिर से पॉजिटिव जोन में चली गई थी।