भारत समाचार
कांग्रेसी दिग्गज जुटे राष्ट्रपति के बेटे को हराने में

इस सीट से निवर्तमान विधायक सुनील देशमुख का टिकट काटकर शेखावत को उम्मीदवार बनाया गया है। इससे देशमुख समर्थक तो खासा नाराज है ही इसके अलावा पार्टी के कई दिग्गज नेता नाराज बताए जा रहे है। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं ने अपने समर्थकों के जरिए अमरावती में यह संदेश भिजवाना शुरू कर दिया है कि किसी प्रकार से शेखावत को चुनाव जीतने न दिया जाए। देशमुख ने शेखावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है बताया जा रहा है कि देशमुख समर्थक ने अमरावती में शेखावत के खिलाफ मुहिम शुरू कर दी है और निशाने पर राष्ट्रपति है।
जनता के बीच यह संदेश दिया जा रहा है कि क्योंकि राजेन्द्र के पास मां का समर्थन है और उसी के बल पर चुनाव जीतने का दंभ भर रहे है। शेखावत का कहना है कि हर मां का समर्थन बेटे के लिए होता है। देशमुख अमरावती विधानसभा क्षेत्र का पिछले दस वर्षो से कांग्रेस की ओर से नेतृत्व करते आ रहे है। पिछला चुनाव यह 32 हजार वोट से जीत थे। देशमुख के इस रवैये को राज्य के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने गंभीरता से लिया है।
उन्होंने देशमुख को आगाह किया है कि यदि वह राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के बेटे राजेंद्र सिंह शेखावत को चुनौती देने चुनावी मैदान में उतरे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही होगी। चव्हान ने गुरूवार को कहा कि हम उन्हें चुनाव नहीं लडने के लिए मनाएंगे लेकिन यदि वह नहीं माने तो पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करेगी। किसी तरह के दबाव से इंकार करते हुए चव्हान ने कहा कि शेखावत की उम्मीदावारी के लिए कही से कोई दबाव नहीं है। शेखावत व्यक्तिगत रूप से मिले और उन्हें टिकट दिया गया।




















