टोक्यो, 2 अक्टूबर। पैन पैसिफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट मे दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाडी और पूर्व चैपियन रूस की मारिया शारापोवा और सातवीं वरीयता प्राप्त सर्बियाकी येलेना यांकोविच ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। शोरापोवा ने गुरूवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य की इवेता बेनेसोवा को लगातार सेटों में 6-4, 7-5 से पराजित किया जबकि विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाडी यांकोविच ने 14वीं वरीयता प्राप्त फ्रांस की मेरियन बार्तोली को 6-4, 6-3 से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई। तीन बार की ग्रैड स्लैम विजेता और फिलहाल विश्व रैकिंग में 25वें स्थान पर काबिज शारापोवा ने धीमी शुरूआत से उबरते हुए लगातार चार गेम जीतते हुए पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में बेसेनोवा ने उन्हें कडी टक्कर दी लेकिन शारापोवा ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए 6-5 के स्कोर पर चेक खिलाडी की सर्विस तोड दी और सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।