भारत समाचार
नक्सलियों पर कार्रवाई पर फैसला आज

गौरतलब है कि दो दिन पहले झारखंड में पुलिसकर्मी की हत्या के बाद गृह मंत्रालय नक्सलियों पर क़डी कार्रवाई की पूरी तैयार कर चुका है। केंद्र सरकार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में अब और वक्त जाया नहीं करना चाहती। यही वजह है कि गृह मंत्रालय नक्सलियों के खिलाफ वायुसेना का इस्तेमाल की तैयारी कर चुका है। गृह मंत्रालय का मानना है कि नक्सलियों का सफाया वायुसेना की मदद के बिना संभव नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने झारखंड पुलिस के इंस्पेक्टर फ्रांसिस इंदुवार की हत्या पर क़डा रूख अख्तियार किया है। उन्होने कहा है कि नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की मुहिम तब तक जारी रहेगी जब तक कि वे हिंसा का रास्ता नहीं छो़ड देते। संभावना जताई जा रही है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में माओवादियों पर गोली चलाने की सरकार वायुसेना को जल्द ही अनुमति दे सकती है।
वायुसेना के इस्तेमाल पर आखिरी फैसला आज सुरक्षा की कैबिनेट कमेटी में ले लिया जाएगा। ऎसा माना जा रहा है कि सरकार की तरफ से हरी झंडी मिल जाएगी। सरकार उस स्थिति को भुला नहीं पा रही है जब इंस्पेक्टर फ्रांसिस इंदुवार की हत्या के बाद स्पेशल सेल के सुरक्षाकर्मियों ने हंगामा कर दिया था। जाहिर है अपने सहकर्मी की हत्या से उनमें भारी आक्रोश है।



















