नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। भारतीय डाकघरों ने सोने के सिक्कों की बिक्री बढ़ाने के लिए अपने नेटवर्क का विस्तार किया है और अब विभाग अपने 500 डाकघरों के जरिए सोने के सिक्कों की बिक्री कर रहा हैं। पिछले साल आज के ही दिन (14 अक्टूबर, 2008) डाकविभाग ने 100 डाकघरों मे सोने के सिक्कों की बिक्री शुरू की थीं। लोगों से मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए विभाग ने सोने के सिक्के बेचने वाले डाकघरों की संख्या बढ़ाई हैं। भारतीय डाक के महाप्रबंधक (बिजनेस डेवलपमेंट) जान सैमुअल ने बताया कि डाक विभाग देशभर में प्रतिदिन 4 किलोग्राम सोना बेच रहा हैं। हालांकि उन्होंने यह बताने से इंकार किया कि विभाग ने एक साल में कितनी मात्रा में सोने के सिक्के बेचे। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा त्यौहारी सीजन में 24 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसमें प्रत्येक 10 ग्राम सोने की खरीद पर आधा ग्राम सोना मुफ्त दिया जा रहा हैं। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों के सेवानिवृत्त कर्मचारी सहित सभी सरकारी कर्मचारियों को इस अभियान के दौरान सोने के सिक्कों की खरीद पर 6 फीसद छूट की पेशकश की जा रही हैं। सैमुअल ने बताया कि डाकघरों से सोने के सिक्कों की खरीद के मामले में तमिलनाडु अव्वल नंबर पर है। जबकि गुजरात दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे नंबर पर हैं। विभाग को आज (बुधवार) अकेेले केरल से 8500 ग्राम सोने के सिक्कों का ऑर्डर मिला।