भोपाल 15,अक्टूबर। मध्य प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मलैया को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को नक्सली बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार की दोपहर को मलैया के मोबाइल पर एक फोन आया और उनके सहायक जेपी नामदेव ने बात की। फोन करने वाले ने मलैया से बात कराने को कहा। इसके बाद सहायक नामदेव ने उससे कुछ प्रशन किए तो उसने धमकी दी कि मलैया को बम से उ़डा दिया जाएगा। फोन करने वाले ने खुद को नक्सली बताया। नामदेव की शिकायत पर पुलिस ने थाने में मामला दर्ज कर लिया है।