भारत समाचार
मैं अखंड आंध्र प्रदेश के पक्ष में: जगनमोहन

आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी के पुत्र जगनमोहन ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें लोकसभा मे अखंड प्रदेश के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए बाध्य कर दिया गया क्योकि वह नहीं चाहते कि अखंड आंध्र प्रदेश का समर्थन करने का श्रेय सिर्फ तेदेपा को मिले।
कडप्पा से 37 वर्षीय सांसद जगनमोहन ने संसद के बाहर संवाददातों से बातचीत में कहा कि मैं आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ हूं। हम अखंड आंध्र प्रदेश के पक्ष में है। एक परिवार के रूप में साथ मिलकर हम तेलंगाना को विकसित कर स्वर्णिम तेलंगाना बनाने के पक्ष में है। उन्हौंने कहा हम भाईचार के पक्ष में है। हमें अखंड आंध्र प्रदेश की जरूरत है। रेड्डी ने तेदेपा और चंद्रबाबू नायडू को राज्य के मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, जो कुछ भी अब हो रहा है उसके लिए तेदेपा और चंद्रबाबू नायडू जिम्मेदार है। अगर चंद्रबाबू नायडू ने यह नहीं कहा होता कि वह राज्य विभाजन के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे तो यह नौबत नहीं आती। रेड्डी ने कहा कि जब टीआरएस प्रमुख चंद्रशेखर राव आमरण अनशन पर थे तब सर्वदलीय बैठक में चंद्रबाबू नायडू और पीआरपी प्रमुख चिरंजीवी ने कहा था कि वे अगल तेलंगाना राज्य के गठन संबंधी प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।




















